मुसीबत में मुशर्रफ
Published by शेखचिल्ली August 30th, 2006 in Global Chai.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ इन दिनों खासी मुसीबत में हैं। बलूचिस्तान के लिये अधिक स्वायत्तता की मांग कर रहे वृद्ध बलूच नेता अकबर खान बुगटी की पाकिस्तानी सेना द्वारा हत्या को लेकर पाकिस्तान में खासा बवाल मचा हुआ है।
27 अगस्त को पाकिस्तानी सेना द्वारा बलूचिस्तान में बुगटी की हत्या के बाद से ही वहां तूफ़ान आया हुआ है। पाकिस्तान के लगभग सभी समाचार पत्रों ने इस हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की। मुशर्रफ विरोधी नेता एक-जुट हो गये हैं और बुगटी की हत्या की तुलना, शेख मुजीबुर्रहमान के साथ तत्कालीन पाकिस्तानी सरकार के बर्ताव के साथ की जा रही है और डर जाहिर किया जा रहा है कि यह हत्या पाकिस्तान के फिर टुकड़े कर देगी।
बुगटी की हत्या की खबर सबसे पहले पाकिस्तान के निजी टीवी चैनलों ने दी थी और बाद में सरकार ने उसकी पुष्टि की। लेकिन, बुगटी की मौत के चार दिन बाद तक, पाकिस्तानी सरकार ने उनका शव उनके परिवार को नहीं सौंपा है। इस बारे में पाकिस्तान सरकार तरह-तरह के बहाने बना रही है।
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सरकार के ख़िलाफ़ विरोध बढ़ता ही जा रहा है और ताज़ा ख़बर यह है कि बलूच लोगों ने शेष पाकिस्तान से बलूचिस्तान को जोड़ने वाले राजमार्ग को सीलबंद कर दिया है।
देखें, मुशर्रफ इस मुसीबत से कैसे निकल पाते हैं।
शायद कश्मीर मे आतंक फैलाने की सज़ा पाकिस्तान को मिल रही है - और वैसे भी मुशर्रफ के लिए उलटी गिनती शुरू होचुकी है